अयोध्या के जिला अस्पताल में एक डॉक्टर पर इंटर्न छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। डॉक्टर के शराब के नशे में होने की बात भी कही जा रही है। इस पूरे मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एक डॉक्टर इमरजेंसी ओपीडी पहुंचा था। वह खुद को श्रीराम चिकित्सालय का डॉक्टर बता रहा था।
आरोप है कि डॉक्टर ने वहां मौजूद एक इंटर्न छात्रा पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इससे आहत छात्रा रोते हुए अपने साथियों के पास पहुंची और उन्हें पूरी बात बताई। इसके बाद साथी छात्राओं ने डॉक्टर का विरोध शुरू कर दिया। मामले को लेकर अस्पताल परिसर में हलचल मच गई और चिकित्सालय के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
विरोध के बाद डॉक्टर ने अपनी बात बदलते हुए कहा कि छात्रा उसकी सिस्टर है और उसने उसे बहन कहकर संबोधित किया था। डॉक्टर के मुताबिक, वह जिला अस्पताल में अपने जूनियर से मिलने आया था और दोनों के बीच हंसी-मजाक चल रहा था। उसने दावा किया कि पीछे खड़ी युवती को गलतफहमी हुई और उसे लगा कि टिप्पणी उसी पर की गई है। हालांकि, वायरल वीडियो और सामने आए आरोपों को लेकर मामले की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी डॉक्टर का मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया। वहीं, छात्रा की ओर से फिलहाल कोई लिखित शिकायत दिए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में मामले में आगे की कार्रवाई और आरोपों की पुष्टि को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। अब देखना होगा कि अस्पताल प्रशासन इस प्रकरण में क्या कदम उठाता है।





















