सुल्तानपुर के अखण्डनगर थाना क्षेत्र के पतजूपहाड़पुर गांव में ससुराल आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार सुबह परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अखण्डनगर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की।
जानकारी के अनुसार, कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर निवासी दीपक पुत्र जयश्री शुक्रवार रात तबीयत बिगड़ने के बाद उपचार के लिए अपनी ससुराल पतजूपहाड़पुर पहुंचे थे। वह गांव में राम बुझारथ के यहां आए हुए थे। शनिवार सुबह करीब 11 बजे परिजन उनकी हालत को देखते हुए उन्हें सीएचसी अखण्डनगर ले गए। वहां चिकित्सक डॉ. विष्णु स्वरूप यादव ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा के निर्देश पर उपनिरीक्षक हैदर अली सीएचसी पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की आवश्यक कार्रवाई की। घटना के बाद युवक की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। चिकित्सक की सूचना के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।





















