चंदौली में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत शारदीय नवरात्र के अवसर पर शनिवार को जिले की सभी तहसीलों में स्पेशल पिंक तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के साथ उनकी समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान महिला फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से लिया गया। घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, साइबर अपराध और भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके अलावा राशन कार्ड, पेंशन और आवास योजना सहित विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों की भी सुनवाई की गई।
तहसील परिसरों में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों और उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं सामने रखने के लिए प्रेरित किया गया।
चंदौली पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता और कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा। महिला संबंधी शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। स्पेशल पिंक तहसील दिवस के माध्यम से महिलाओं को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने और उनके समाधान की प्रक्रिया को गति देने का प्रयास किया गया।





















