चंदौली में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत शनिवार को सकलडीहा इंटर कॉलेज और पीजी कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला शक्ति नोडल अधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई। पुलिस ने छात्राओं से सतर्क रहने और किसी भी परेशानी की स्थिति में मदद लेने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में 12वीं की छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया। पुलिस टीम ने ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया से जुड़े खतरों और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के प्रति आगाह किया। छात्राओं को समझाया गया कि वे अपनी निजी और बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
कार्यक्रम के दौरान साइबर ठगी से बचाव के उपायों पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिसकर्मियों ने बताया कि साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके बाद छात्राओं और पुलिस टीम ने जनजागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से आमजन और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, अधिकारों और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान पंपलेट वितरित कर 112, 1090 और 1930 सहित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सकलडीहा थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद, मिशन शक्ति प्रभारी लक्ष्मीकांत मिश्रा, महिला कांस्टेबल नेहा और रीमा यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस का उद्देश्य छात्राओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें साइबर अपराधों की पहचान करने और जरूरत पड़ने पर सही समय पर सहायता लेने के लिए प्रेरित करना रहा। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।





















