चंदौली में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत शनिवार, 17 अक्टूबर को जिला गंगा समिति की ओर से गंगा स्वच्छता जागरूकता पदयात्रा निकाली गई। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और प्रभागीय वनाधिकारी काशी वन्यजीव प्रभाग, रामनगर, वाराणसी बी. शिव शंकर के दिशा-निर्देशों पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और डॉल्फिन संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। मुख्य अतिथि विधायक रमेश जायसवाल के प्रतिनिधि संजय पासवान ने हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संत प्रमुख छेदी स्वामी ने की। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ सदस्य प्रभु प्रजापति भी मौजूद रहे।
पदयात्रा रतनपुर, भोजपुर और कटेसर होते हुए पुरानी डोमरी गंगा घाट तक पहुंची। करीब तीन किलोमीटर की इस यात्रा में विकासखंड नियामताबाद स्थित सुशीला देवी बालिका विद्यापीठ, रतनपुर के 600 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर बच्चों ने ‘हर-हर गंगे, नमामि गंगे’ और ‘देश-धर्म का नाता है, गंगा हमारी माता है’ जैसे नारे लगाए। विद्यार्थियों ने लोगों को गंगा को स्वच्छ रखने और पर्यावरण की रक्षा करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रतिनिधि संजय पासवान ने स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अध्यापकों और छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है और गंगा के आसपास रहने वाले लोगों को घाटों व धार्मिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना चाहिए। गंगा को स्वच्छ रखना केवल सरकारी विभागों का काम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही नमामि गंगे परियोजना के उद्देश्यों को पूरा किया जा सकता है। संत प्रमुख छेदी स्वामी ने गंगा के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए इसे स्वच्छ रखना सभी का कर्तव्य बताया। वहीं, प्रभु प्रजापति ने ऐसे आयोजनों को जनजागरूकता के लिए महत्वपूर्ण बताया।
जिला परियोजना अधिकारी दर्शन निषाद ने छात्र-छात्राओं को गंगा की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और डॉल्फिन संरक्षण से जुड़ी जानकारियां दीं। इस दौरान सभी को स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ भी दिलाई गई। पदयात्रा के माध्यम से लोगों से गंगा को प्रदूषणमुक्त रखने और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में सहयोग करने की अपील की गई।





















