चंदौली। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को लेकर चंदौली जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। जनपद के 10 मतदान केंद्रों पर कुल 30,211 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक कराया जाएगा। निर्वाचन की तैयारियों को लेकर सोमवार को आईटीआई कॉलेज रेवसा के सभागार में अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतन वर्मा की अध्यक्षता में मतदान कार्मिकों और संबंधित अधिकारियों की ब्रीफिंग हुई। इसमें मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और अधिकारियों की जिम्मेदारियों को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
पांच जोन और 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट संभालेंगे व्यवस्था
जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर चुनाव को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पांच जोन बनाए गए हैं। इसके लिए पांच जोनल मजिस्ट्रेट और 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। जोनल और सेक्टर पुलिस अधिकारी भी लगातार भ्रमण कर मतदान केंद्रों की व्यवस्था पर नजर रखेंगे। प्रशासन ने सभी अधिकारियों और मतदान कार्मिकों को निर्धारित जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उद्देश्य है कि मतदान के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो और मतदाता बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
हर मतदान केंद्र पर पुलिस और पीएसी की तैनाती
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक उपनिरीक्षक, चार मुख्य आरक्षी या आरक्षी, चार महिला आरक्षी और एक सेक्शन पीएसी तैनात की जाएगी। मतदान केंद्रों के भीतर और 100 मीटर के दायरे में चुनाव प्रचार, अनधिकृत वाहनों के प्रवेश और अनावश्यक भीड़ पर प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा जांच के दौरान स्याही, फाउंटेन पेन, पानी की बोतल और अन्य तरल पदार्थ ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों को मतपत्रों और मतपेटियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी तरह के प्रलोभन, अनुचित आतिथ्य या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
22 अक्टूबर को रवाना होंगी मतदान पार्टियां
निर्वाचन के लिए गठित मतदान पार्टियां 22 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट परिसर से अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। इस चुनाव में ईवीएम के बजाय मतपत्र और मतपेटियों के जरिए मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतपेटियों को सुरक्षित तरीके से कलेक्ट्रेट स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में लाया जाएगा। इसके बाद उन्हें वाराणसी के मंडी समिति, पहड़िया स्थित निर्धारित स्थल पर भेजा जाएगा। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने और मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। अब प्रशासन का पूरा जोर मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, व्यवस्थाओं और निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी बनाए रखने पर है।





















