बहराइच। इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार को खेल का उत्साह देखने को मिला, जहां प्रथम बहराइच जिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में जिला बहराइच ताइक्वांडो एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय, पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी और सांसद कैसरगंज करण भूषण सिंह के प्रतिनिधि सुनील सिंह ने संयुक्त रूप से किया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्लबों और स्कूलों से आए बालक-बालिकाओं ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
चैंपियनशिप में बालक वर्ग के 54 और बालिका वर्ग की 65 खिलाड़ियों सहित कुल 119 प्रतिभागियों ने विभिन्न वर्गों में मुकाबले किए। उद्घाटन समारोह में अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल में सफलता के लिए अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास बेहद जरूरी है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ मुकाबले में उतरने और अपने प्रदर्शन से जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया। समारोह की अध्यक्षता जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष निशांक त्रिपाठी और चेयरमैन अजीत प्रताप सिंह ने की। एसोसिएशन के सचिव आलोक कुमार सिंह और उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के संयुक्त सचिव हिमप्रीत सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।
प्रतियोगिता के प्रमुख परिणामों में बालक सब-जूनियर वर्ग में अविराज अग्रवाल ने स्वर्ण, नूर अली ने रजत और एरॉन मिश्रा व प्रिंस कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। मेधांश महेश्वरी ने स्वर्ण, ऋषि सिंह ने रजत, जबकि आत्रेय मिश्रा और आरुष तिवारी ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। व्रदांश चतुर्वेदी ने रजत और मोहम्मद अरहम खान ने भी रजत पदक अपने नाम किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने प्रतियोगिता में उत्साह बनाए रखा। पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए यह उपलब्धि उनकी मेहनत और अभ्यास का परिणाम रही।
इस मौके पर एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष श्याम बाबू कनौजिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सिराज अहमद, उपाध्यक्ष नित्यानंद पासवान, शौर्य प्रताप सिंह, गोविंद स्वरूप मिश्रा, अरहत कन्नौजिया, संयुक्त सचिव सागर आर्य और कार्यकारिणी सदस्य ऐश्वर्या पाठक व नित्या पाठक मौजूद रहीं। निर्णायक समिति में सिराज हसीब खान, गौरव रतन बरनवाल, मयांशू गौतम, वैभव कुमार, गार्गी कृष्णा और अंशिका मौर्या ने जिम्मेदारी निभाई। इसके अलावा एबीवीपी के आकाश पांडेय, जयशंकर, शिव मोहन शुक्ला और भाजपा के नगर मंत्री अजय कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता ने जिले में ताइक्वांडो के प्रति खिलाड़ियों के उत्साह और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की संभावनाओं को सामने रखा।





















