सब हेडिंग: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव निकिता गौड़ ने महिला और पुरुष बैरकों का लिया जायजा, पात्र बंदियों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने पर दिया जोर
चंदौली। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव निकिता गौड़ ने बुधवार को जिला कारागार वाराणसी का निरीक्षण किया। माननीय कार्यकारी जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक कुमार XI के निर्देश पर हुए इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला और पुरुष बैरकों का जायजा लिया। साथ ही बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जेल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान महिला बंदियों ने किसी प्रकार की समस्या नहीं होने की बात कही। इसके बाद सचिव ने जेल अस्पताल का निरीक्षण कर बंदियों के उपचार और दवाओं की उपलब्धता की स्थिति देखी। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि बीमार बंदियों को समय पर दवाएं उपलब्ध कराई जाएं और उनके उपचार में लापरवाही न बरती जाए। पाकशाला का जायजा लेते हुए उन्होंने भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निकिता गौड़ ने महिला बंदियों से उनके साथ रह रहे बच्चों की शिक्षा के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में बताया और कहा कि पात्र बंदी इसका लाभ ले सकते हैं। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि कानूनी सहायता प्राप्त करने के इच्छुक बंदियों की सूची जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उपलब्ध कराई जाए, ताकि जरूरतमंद बंदियों को आवश्यक कानूनी मदद मिल सके।
निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन को बंदियों के स्वास्थ्य, भोजन और स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर जेलर सुरेश बहादुर सिंह, डिप्टी जेलर शिवपूजन मिश्रा, सत्यम मिश्रा सहित जेल के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।





















