लखनऊ। सरोजनीनगर, बिजनौर और बंथरा थाना क्षेत्रों में चोरों ने तीन अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। चोर एक किराये के कमरे और दो मकानों से सोने के गहने, नकदी, मोबाइल फोन, गैस सिलेंडर, जनरेटर का अल्टरनेटर और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरोजनीनगर के शांतिनगर में किराये पर रहने वाले अमित कुमार पुत्र राम प्रकाश के मुताबिक, एक सितंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे लखीमपुर खीरी के महिनाहन निवासी राहुल पुत्र रामपाल एक अज्ञात व्यक्ति के साथ गाड़ी चलाने के सिलसिले में उनके कमरे पर आया था। आरोप है कि इसी दौरान कमरे में रखे बैग से सोने की अंगूठी, रिलायंस कंपनी का मोबाइल फोन और गैस सिलेंडर चोरी हो गया।
वहीं, बिजनौर के रफ्तार सिटी फेज-1 निवासी कल्पना मिश्रा के मुताबिक, वह 24 सितंबर को बरेली स्थित अपने दूसरे घर गई थीं। पैर में फ्रैक्चर होने के कारण वह लखनऊ नहीं लौट सकीं। 11 अक्टूबर को पड़ोसियों ने उन्हें घर में चोरी होने की सूचना दी। लखनऊ स्थित मकान पहुंचने पर ताले टूटे मिले। चोर वहां से दो इंडेन गैस सिलेंडर, कीमती कपड़े, सोने के ईयर रिंग और कंगन, 7.5 केवीए जनरेटर का अल्टरनेटर तथा घर की सभी टोटियां चोरी कर ले गए थे।
इसी तरह बंथरा बाजार की काका कॉलोनी फेज-1 निवासी अखिलेश कुमार के मुताबिक, 18 अक्टूबर को वह परिवार के साथ संत रविदास नगर जिले के अपने पैतृक गांव खमरिया गए थे। 20 अक्टूबर की सुबह पड़ोसियों ने उन्हें घर का ताला टूटे होने की जानकारी दी। जांच करने पर नकदी और कीमती गहनों समेत करीब दो लाख रुपये का सामान गायब मिला। तीनों पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों का पता लगाया जा सके।





















