चंदौली। जिले के इलिया थाने में तैनात उपनिरीक्षक विजय कुमार राय (50) का गुरुवार सुबह अचानक निधन हो गया। मॉर्निंग वॉक के बाद थाने पहुंचे दरोगा के सीने में तेज दर्द उठा और वह बेहोश होकर गिर पड़े। साथी पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, विजय कुमार राय रोज की तरह गुरुवार सुबह टहलने निकले थे। मॉर्निंग वॉक पूरी करने के बाद वह इलिया थाने पहुंचे। इसी दौरान उनके सीने में तेज दर्द होने लगा और वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए उन्हें शहाबगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके। प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह हृदयाघात मानी जा रही है।
1994 बैच के उपनिरीक्षक थे विजय कुमार राय
विजय कुमार राय मूल रूप से मऊ जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र के काछीकला गांव के निवासी थे। वह वर्ष 1994 बैच के उपनिरीक्षक थे और वर्तमान में इलिया थाने में तैनात थे। उनके अचानक निधन से सहकर्मियों और परिचितों में शोक का माहौल है।
परिजनों में मचा कोहराम
दरोगा के निधन की सूचना मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। साथी पुलिसकर्मियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। पुलिस विभाग में लंबे समय से सेवाएं दे रहे विजय कुमार राय के अचानक चले जाने से सहकर्मियों को गहरा दुख पहुंचा है।





















