चंदौली। भारत सरकार के वित्तीय सेवाएं विभाग की ओर से संचालित जनसुरक्षा संतृप्तीकरण अभियान के तहत अजहा ग्राम पंचायत में बृहद वित्तीय समावेशन शिविर लगाया गया। इसमें ग्रामीणों और किसानों को केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों का पंजीयन कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की गई।
शिविर में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और प्रधानमंत्री जनधन योजना के लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके अलावा ‘आपकी पूंजी आपका अधिकार’, किसान क्रेडिट कार्ड और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने आवेदन की प्रक्रिया समझाने के साथ मौके पर ही पात्र लोगों के आवेदन दर्ज किए।
कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक के अग्रणी जिला अधिकारी, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक (डीडीएम), चंदौली के अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की बबुरी शाखा के प्रबंधक और आरसेटी के निदेशक मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं के उपयोग और वित्तीय योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारियों ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधाएं और वित्तीय सुरक्षा पहुंचाना है। बीमा और पेंशन योजनाओं के माध्यम से कम प्रीमियम पर आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ उठाकर अपने और अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित करें। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और किसानों ने भाग लिया। जनसुरक्षा संतृप्तीकरण अभियान 21 से 31 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जाना निर्धारित है।





















