लखनऊ। सरोजनीनगर के बंथरा थाना क्षेत्र में गुरुवार को तेज रफ्तार बाइक ने आगे जा रही साइकिल में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गोविंद कश्यप (50) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि साइकिल सवार ओमप्रकाश साहू (40) को मामूली चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को कटी बगिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, सिद्धार्थनगर जिले के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बुद्धि गांव निवासी गोविंद कश्यप अपने भतीजे विशाल कश्यप के साथ बंथरा की बनी-मोहान रोड पर लतीफ नगर के पास रहकर कबाड़ का काम करते हैं। गुरुवार दोपहर करीब दो बजे लतीफ नगर निवासी ओमप्रकाश साहू साइकिल से सरसों का तेल बेचने हरौनी बाजार जा रहे थे।
बताया गया कि लतीफ नगर से करीब 200 मीटर आगे बढ़ने पर पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे गोविंद की बाइक ने ओमप्रकाश की साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल गोविंद को कटी बगिया स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, ओमप्रकाश को पास के एक निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।





















