वाराणसी/चंदौली। स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर एस. राजलिंगम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान के दौरान किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के वोट डालने या निर्वाचन प्रक्रिया में अनियमितता करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों पर निर्वाचन नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। मतदान से पहले प्रत्येक मतदाता की पहचान का विधिवत सत्यापन किया जाए, ताकि केवल पात्र और अधिकृत मतदाता ही अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। इसके साथ ही मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और निगरानी के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्वाचन कार्य में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंडलायुक्त ने पूरी निर्वाचन प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी आवश्यक प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं, जिससे एमएलसी चुनाव व्यवस्थित, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।





















