यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, भीड़ नियंत्रण व आपात स्थिति से निपटने के दिए निर्देश
चंदौली। वाराणसी में आयोजित एयर शो के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। शनिवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण, जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन का जायजा लिया। अधिकारियों ने मोटरबोट से वाराणसी के घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों, भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर तैनात पुलिसकर्मियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। एयर शो देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ नियंत्रण और यातायात संचालन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि घाटों पर आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ किसी भी संभावित अव्यवस्था को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
डीआईजी वैभव कृष्ण ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। उन्होंने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने संबंधित विभागों से आपसी तालमेल के साथ काम करने को कहा, ताकि एयर शो के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
एयर शो को देखते हुए सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आयोजन के दौरान आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और सभी संबंधित कर्मियों को सतर्क रहकर व्यवस्थाओं का संचालन करना होगा।





















