नमो घाट पर दिखा भारतीय वायुसेना का शौर्य
‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में पायलटों के हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई विशिष्ट अतिथि रहे मौजूद
चंदौली/वाराणसी। काशी में रविवार को गंगा की लहरों के ऊपर जब भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने गर्जना के साथ उड़ान भरी, तो नमो घाट पर मौजूद दर्शक रोमांचित हो उठे। आसमान में विमानों की तेज रफ्तार, सटीक उड़ान और हैरतअंगेज हवाई करतबों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में वायुसेना की हवाई क्षमता, आधुनिक तकनीक और पायलटों के अद्भुत कौशल का प्रदर्शन किया गया। दोपहर 12:30 बजे शुरू हुए इस आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
गंगा के विहंगम तट और काशी की ऐतिहासिक-सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के बीच आयोजित एयर शो ने आसमान को रोमांचक नजारों से भर दिया। लड़ाकू विमानों की गगनभेदी आवाज के बीच दर्शक उनकी उड़ान और करतबों को उत्सुकता से देखते रहे। विमानों के गुजरने पर घाट पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उत्साह जताया। इस आयोजन के जरिए लोगों को भारतीय वायुसेना की पेशेवर दक्षता, अनुशासन और हवाई संचालन क्षमता को करीब से देखने का अवसर मिला।
प्रधानमंत्री मोदी समेत कई विशिष्ट अतिथि रहे मौजूद
एयर शो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। इनके अलावा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
भारतीय वायुसेना की ओर से वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह, वाइस चीफ एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित और मध्य वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल तरुण चौधरी सहित कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मौजूद रहे। नागरिक प्रशासन और अन्य क्षेत्रों के गणमान्य लोगों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में वायुसेना के प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
हवाई करतबों ने दर्शकों में भरा रोमांच
एयर शो के दौरान लड़ाकू विमानों की तेज गति और आसमान में उनकी सटीक गतिविधियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। गंगा के ऊपर विमानों की उड़ान ने आयोजन को खास बना दिया। दर्शक विमानों की आवाज सुनते ही आसमान की ओर देखने लगते और उनके करतबों को अपने कैमरों में कैद करते नजर आए।
वायुसेना के पायलटों ने अपने प्रशिक्षण और कौशल का प्रदर्शन करते हुए हवाई संचालन की जटिलताओं तथा सैन्य तैयारियों की झलक प्रस्तुत की। विमानों की गर्जना और उनकी शानदार उड़ान ने पूरे आयोजन को रोमांचक बना दिया।
‘विंग्स ओवर गंगा’ के आयोजन ने काशी के पर्यटन और सांस्कृतिक महत्व के बीच भारतीय वायुसेना की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का अवसर भी दिया। गंगा तट पर आयोजित इस कार्यक्रम में सैन्य क्षमता और आधुनिक विमानन तकनीक का प्रदर्शन लोगों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा।
चंदौली के सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रशासन रहा सतर्क
एयर शो के दौरान दर्शकों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए चंदौली जिला प्रशासन भी सक्रिय रहा। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने जनपद के सीमावर्ती क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डुमरी, सुजाबाद, कटेसर, बहादुरपुर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया।
अधिकारियों ने कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए पेयजल, बैठने की सुविधा, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। यातायात को सुचारु बनाए रखने तथा भीड़ के कारण आम लोगों को होने वाली परेशानी से बचाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि दूर-दराज से आने वाले दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं आपसी समन्वय के साथ संचालित की जाएं।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं पर नजर रखते रहे। एयर शो के दौरान सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया गया। नमो घाट पर आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान वाराणसी के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी प्रशासनिक सक्रियता बनी रही।





















