पिता को सौंपी
मिशन शक्ति टीम ने काउंसलिंग कर जुटाई जानकारी, बाल कल्याण समिति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को मिली बेटी
चंदौली। सकलडीहा पुलिस और मिशन शक्ति टीम की तत्परता से हरिद्वार से भटककर चंदौली पहुंची 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया। बालिका के मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर की रात गश्त के दौरान मिशन शक्ति टीम को सकलडीहा बाजार में एक बालिका संदिग्ध और असहाय अवस्था में मिली। टीम में शामिल महिला आरक्षियों ने बालिका से आत्मीयता के साथ बातचीत की और उसकी काउंसलिंग की। पूछताछ में उसने अपनी पहचान सोनम वर्मा (15), पुत्री सुशील कुमार वर्मा, मूल निवासी बख्तावरपुर, थाना इमिलिया, जिला सीतापुर के रूप में बताई।
परिजनों से नाराज होकर घर से निकली थी बालिका
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि बालिका वर्तमान में अपने परिवार के साथ उत्तराखंड के हरिद्वार में रह रही थी। वह किसी बात को लेकर परिजनों से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल गई थी। इसके बाद ट्रेन से मुगलसराय पहुंची और भटकते हुए सकलडीहा बाजार आ गई।
बालिका के अकेले मिलने पर मिशन शक्ति टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे संरक्षण में लिया। पुलिस ने नियमानुसार उसका मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद सुरक्षा और संरक्षण के दृष्टिगत बालिका को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया गया और उसे वन स्टॉप सेंटर में सुरक्षित रखवाया गया।
वैधानिक प्रक्रिया के बाद पिता को सौंपा
पुलिस टीम ने बालिका के परिजनों से संपर्क कर उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद 25 अक्टूबर को बालिका के पिता सुशील कुमार वर्मा सकलडीहा थाने पहुंचे। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने बालिका को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।
बेटी के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत जताई और चंदौली पुलिस तथा मिशन शक्ति टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से एक भटकी हुई नाबालिग को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाने में मदद मिली।




















