डीडीयू जंक्शन पर भी ठहराव
पांच राज्यों को जोड़ने वाली साप्ताहिक ट्रेन से यात्रियों को मिलेगी राहत, 22 कोचों से लैस होगी गाड़ी
पीडीडीयू नगर। पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। सांतरागाछी और जयपुर के खातीपुरा स्टेशन के बीच चलने वाली साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित परिचालन चार नवंबर से शुरू होगा। इस ट्रेन के संचालन से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। खास बात यह है कि ट्रेन का ठहराव पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) पर भी निर्धारित किया गया है।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 18061 सांतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार को सांतरागाछी से रवाना होगी, जबकि गाड़ी संख्या 18062 खातीपुरा-सांतरागाछी एक्सप्रेस प्रत्येक शुक्रवार को खातीपुरा से चलेगी। रेलमंत्री ने 26 अक्टूबर को इस ट्रेन को उद्घाटन स्पेशल के रूप में हरी झंडी दिखाई थी। अब चार नवंबर से इसका नियमित परिचालन शुरू होने जा रहा है।
सांतरागाछी से ट्रेन दोपहर 2:15 बजे रवाना होकर खड़गपुर, टाटानगर, रांची, लातेहार, डालटनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड और डीडीयू समेत विभिन्न स्टेशनों पर ठहरते हुए अगले दिन रात 11 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 18062 प्रत्येक शुक्रवार सुबह 9:15 बजे खातीपुरा से रवाना होगी। यह आगरा, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज और डीडीयू सहित निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए शनिवार शाम 7:45 बजे सांतरागाछी पहुंचेगी।
22 कोचों से लैस होगी ट्रेन
यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में विभिन्न श्रेणियों के कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एसी प्रथम श्रेणी, एसी द्वितीय श्रेणी, एसी तृतीय श्रेणी, थर्ड एसी इकोनॉमी, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कोच शामिल होंगे। ट्रेन के नियमित संचालन से पांच राज्यों के बीच रेल संपर्क मजबूत होने और यात्रियों को आवागमन के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है।





















