शिक्षक जाएंगे विद्यालय
कक्षा 12 तक के सभी बोर्डों के स्कूलों पर लागू होगा आदेश, डीएम के निर्देश पर बीएसए और डीआईओएस ने जारी किया संयुक्त आदेश
चंदौली। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर शुक्रवार, 30 अक्टूबर को प्री-प्राइमरी से कक्षा 12वीं तक के सभी विद्यालयों में पठन-पाठन स्थगित रहेगा। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार और जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने इस संबंध में संयुक्त आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार, यह व्यवस्था जिले के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ ही सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य सभी बोर्डों के स्कूलों पर लागू होगी। बारिश के कारण विद्यार्थियों को विद्यालय नहीं आना होगा। हालांकि, शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को विद्यालय पहुंचकर अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अवकाश के दौरान प्रधानाध्यापक, प्रधानाचार्य, शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। उन्हें विभागीय कार्यों के साथ अन्य शासकीय कार्यों का भी निस्तारण करना होगा।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और सभी शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिया है कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। लगातार हो रही बारिश के बीच विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।





















