बाजार में मचा हड़कंप
दो महीने से चहनियां बाजार में मांगकर करती थी गुजारा, पुलिस जुटी पहचान और मौत की वजह तलाशने में
चहनियां। चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र स्थित चहनियां बाजार में गुरुवार सुबह एक दुकान के बरामदे में रखी टेबल पर महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। महिला की पहचान नहीं हो सकी है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस महिला की पहचान कराने के साथ ही उसकी मौत की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, महिला पिछले करीब दो महीने से चहनियां बाजार में रह रही थी। वह लोगों से मांगकर अपना गुजारा करती थी और रात में खुले स्थानों या दुकानों के बरामदों में सो जाती थी। बुधवार रात भी वह बाजार स्थित एक खुली दुकान के बरामदे में रखी टेबल पर सोई थी।
गुरुवार सुबह आसपास के लोगों ने महिला को आवाज देकर जगाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर लोगों ने पास जाकर देखा तो महिला मृत अवस्था में मिली। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लगती थी और वह बाजार में इधर-उधर घूमती रहती थी। हालांकि, उसकी पहचान और मौत के कारण को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि महिला की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।





















