चार आरोपी गिरफ्तार
मानसनगर में पुलिस ने एक आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा, निशानदेही पर तीन अन्य गिरफ्तार; टाटा मैजिक, नकदी और मोबाइल भी बरामद
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के मानसनगर कॉलोनी स्थित इंडेन गैस गोदाम में सेंध लगाकर सिलेंडर चोरी करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा था। उसकी निशानदेही पर तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 30 गैस सिलेंडर, एक टाटा मैजिक गाड़ी, 6,400 रुपये नकद, लोहे का पेचकस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर की रात गश्त और चेकिंग के दौरान मानसनगर स्थित गैस गोदाम के पास खड़खड़ाहट की आवाज सुनाई दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो गोदाम में सेंध लगाकर सिलेंडर चोरी कर रहे रोहित खरवार को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपने छोटे भाई मोहित खरवार और साथी रतन गौड़ के साथ मिलकर चोरी करने की बात बताई।
पुलिस के मुताबिक, रोहित ने बताया कि चोरी किए गए 11 सिलेंडर टाटा मैजिक पर लादकर पटनवा निवासी सुधीर सिंह के यहां बेचने के लिए ले जाए गए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने सुधीर सिंह के घर दबिश दी और वहां से तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से 11 सिलेंडर और टाटा मैजिक बरामद की, जबकि 19 सिलेंडर गोदाम से मिले। इस तरह कुल 30 सिलेंडर बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित खरवार और मोहित खरवार निवासी गांधीनगर, सैदूपुर, रतन गौड़ निवासी लठिया, सिकारगंज, थाना चकिया तथा सुधीर सिंह निवासी पटनवा, मुगलसराय के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में अलीनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।





















