टाटा मैजिक और 21 हजार रुपये बरामद
एनएच-19 पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने पकड़ा, गोवंश को बिहार के नुआव ले जाने का आरोप
चंदौली। सैयदराजा थाना पुलिस ने बुधवार को नौबतपुर पुलिस पिकेट के पास चेकिंग के दौरान दो गोवंश के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से टाटा मैजिक वाहन, 21 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी गोवंश को वध के लिए बिहार ले जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर को एनएच-19 पर नौबतपुर पुलिस पिकेट के पास बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान चंदौली की ओर से आ रहे एक टाटा मैजिक चालक ने पुलिस को देखकर वाहन लेकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर पिछले हिस्से में दो गाय रस्सी से बंधी मिलीं। पुलिस के अनुसार, दोनों गोवंश को क्रूरतापूर्वक बांधा गया था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रांजल यादव (22), निवासी जलालपुर, थाना सकलडीहा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह वाराणसी के भिखारीपुर से गोवंश लादकर बिहार के नुआव ले जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।





















