गल्ला मंडी के पास पुलिस ने पकड़ा, पांच लीटर देशी शराब बरामद
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने ठेका बंद होने के बाद अवैध रूप से देशी शराब बेचने के आरोप में शनिवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान 64 वर्षीय सुरेश कुमार जायसवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 200-200 मिलीलीटर के 25 पाउच यानी कुल पांच लीटर तेजस बुलन्द देशी शराब बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को गश्त के दौरान मुखबिर से अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने गल्ला मंडी स्थित देशी शराब के ठेके से करीब 100 मीटर आगे एक गली में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से शराब के 25 पाउच बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब के ठेके बंद होने के बाद पहले से खरीदी गई शराब को अधिक कीमत पर बेचता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के साथ उपनिरीक्षक सतीश प्रकाश, प्रेमचंद और कांस्टेबल बंटी सिंह शामिल रहे।





















