सिरसिया पुलिस ने तेंदुआ रतनपुर के पास नहर पुल से दबोचा, दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप
श्रावस्ती। सिरसिया थाना पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निराम अली पुत्र सुबराती निवासी बनकटवा कला, थाना सिरसिया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 30 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर तेंदुआ रतनपुर के पास नहर पुल से गिरफ्तार किया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर को बलरामपुर जिले के रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के बुधीपुर बंजरिया निवासी ननकऊ पुत्र मोहम्मद नकी ने सिरसिया थाने में प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें आरोप लगाया गया था कि उनकी पोती सुबीना को दहेज की मांग को लेकर उसका ससुर निराम अली प्रताड़ित करता था। आरोप है कि लकड़ी के चिरान के टुकड़े से सिर पर प्रहार कर सुबीना की हत्या कर दी गई।
प्रार्थना पत्र के आधार पर सिरसिया थाने में मुकदमा अपराध संख्या 286/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1), 85, 80(2) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को तेंदुआ रतनपुर के पास नहर पुल से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार दूबे, उपनिरीक्षक राहुल यादव, उपनिरीक्षक सूर्यनाथ सिंह और हेड कांस्टेबल अजय प्रताप सिंह शामिल रहे।





















