520.7 लीटर अंग्रेजी और देशी शराब बरामद, 2234 बोतलें और चार वाहन जब्त; महिलाओं के पर्स, सूटकेस और कपड़ों में छिपाकर बिहार भेजते थे शराब
चंदौली। जिले में अंतरराज्यीय शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए कोतवाली पुलिस ने 15 पुरुषों और 18 महिलाओं समेत कुल 33 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चंदौली कस्बे के वार्ड नंबर पांच स्थित एक बंद पड़े रेस्टोरेंट में छापेमारी कर 520.7 लीटर अवैध अंग्रेजी और देशी शराब बरामद की। मौके से शराब की 2234 बोतलें, टेट्रा पैक और पाउच के अलावा 37,690 रुपये नकद तथा चार वाहन जब्त किए गए। गिरोह के सदस्य शराब को अलग-अलग तरीकों से छिपाकर बिहार ले जाते थे, जहां उसे ऊंचे दामों पर बेचते थे।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह पुलिस टीम के साथ सकलडीहा तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक बाइक लेकर फरार हो गया, जबकि पीछे बैठा व्यक्ति गिर पड़ा। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान बिहार के वैशाली निवासी सुमंत कुमार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पिट्ठू बैग से अवैध शराब बरामद हुई।
पूछताछ में उसने बताया कि चंदौली कस्बे के वार्ड नंबर पांच स्थित बंद पड़े चंदौली रेस्टोरेंट में बड़ी मात्रा में शराब एकत्र की जाती है। इस जानकारी पर पुलिस टीम ने तत्काल रेस्टोरेंट में छापेमारी की। सीढ़ियों के नीचे बने दरवाजे से अंदर पहुंची पुलिस ने देखा कि बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं शराब की खेप को अलग-अलग तरीकों से पैक कर रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से सभी 33 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपितों ने शराब तस्करी के तरीके का खुलासा किया। उनके अनुसार, स्थानीय शराब ठेकों से टेंपो और मोटरसाइकिलों के जरिए शराब रेस्टोरेंट तक पहुंचाई जाती थी। यहां बोतलों को समाचार पत्रों में लपेटकर पारदर्शी टेप से पैक किया जाता था। पुरुष तस्कर शराब को पिट्ठू बैग और कपड़ों के थैलों में छिपाकर ले जाते थे, जबकि महिलाएं हैंडबैग, सूटकेस, कपड़ों की आस्तीन और शरीर से चिपकाकर शराब की खेप बिहार पहुंचाती थीं। इसके लिए सवारी ट्रेनों, बसों, टेंपो और दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल किया जाता था।
पुलिस के मुताबिक, इस कारोबार में संतोष गुप्ता और रेस्टोरेंट मालिक की भूमिका भी सामने आई है। बरामद शराब में सिग्नेचर, रॉयल स्टैग, ब्लेंडर्स प्राइड, ऑफिसर्स च्वाइस, मैकडॉवेल्स, आफ्टर डार्क, 8 पीएम, रॉयल चैलेंज और मैजिक मोमेंट्स जैसे ब्रांड शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपितों में अधिकांश बिहार के पटना, वैशाली, रोहतास, नालंदा, गया और जहानाबाद जिलों के निवासी हैं, जबकि कुछ चंदौली के रहने वाले हैं। पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 526/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जब्त वाहनों में एक टेंपो, दो मोटरसाइकिल और एक टीवीएस मोपेड शामिल हैं। रेस्टोरेंट के विरुद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को भी रिपोर्ट भेजी गई है।





















