25 हजार के इनामी समेत चार पर मुकदमा
पुरानी रंजिश में युवक पर लाठी-डंडों से हमला, तमंचे से चलाई गोली; झुकने से बाल-बाल बचा सुफियान, डीआईजी ने लिया संज्ञान
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला और फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। नेशनल हाईवे के समीप पचफेड़वा स्थित एसआर बीएस स्कूल के पास हुई घटना में मोहम्मद सुफियान पर लाठी-डंडों से हमला करने और तमंचे से गोली चलाने का आरोप है। मामले में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी रह चुके भोला भारती समेत चार आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है।
आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते चार लोगों ने मोहम्मद सुफियान को घेर लिया और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान भोला भारती ने तमंचे से उस पर फायरिंग कर दी। गोली चलते ही सुफियान झुक गया, जिससे वह उसकी चपेट में आने से बच गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि भोला भारती पर पहले 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। बाद में वह न्यायालय से जमानत पर बाहर आया था। अब उस पर एक बार फिर जानलेवा हमले और फायरिंग में शामिल होने का आरोप लगा है। अलीनगर पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों और आरोपितों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
उधर, डीआईजी वैभव कृष्ण ने भी घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





















