डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 के तहत लगा शिविर, अन्य स्टेशनों पर भी चार से छह नवंबर तक आयोजित होंगे कैंप
पीडीडीयू नगर। डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 के तहत मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल की ओर से भभुआ रोड स्टेशन और भारतीय स्टेट बैंक की एएमवाई मोहनिया शाखा में शिविर आयोजित किया गया। इसमें रेलवे सहित विभिन्न सरकारी विभागों के कुल 16 पेंशनरों का डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाया गया। मंडल की टीम ने पेंशनरों को डिजिटल प्रमाण-पत्र बनवाने की प्रक्रिया समझाने के साथ घर बैठे ऑनलाइन जीवन प्रमाणन कराने के प्रति जागरूक किया।
अभियान का उद्देश्य सेवानिवृत्त रेलकर्मियों और पारिवारिक पेंशनरों के लिए वार्षिक जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया को आसान बनाना है। डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट की सुविधा से पेंशनभोगियों को प्रत्येक वर्ष जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए बैंक या संबंधित कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। वे घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपना जीवन प्रमाण-पत्र जनरेट करा सकते हैं।
मंडल के कार्मिक विभाग की ओर से विभिन्न स्टेशनों पर चरणबद्ध तरीके से शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें कल्याण निरीक्षकों, वित्त विभाग के नामित वरिष्ठ अनुभाग अधिकारियों और संबंधित बैंकों के अधिकारियों के समन्वय से पेंशनरों को प्रमाण-पत्र बनवाने में सहायता दी जा रही है। अभियान को रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में चार नवंबर को सासाराम, पांच नवंबर को डेहरी ऑन सोन और छह नवंबर को गया स्टेशन पर शिविर लगाए जाएंगे। मंडल प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक सेवानिवृत्त रेलकर्मी और पारिवारिक पेंशनर इस सुविधा का लाभ उठा सकें, ताकि उन्हें वार्षिक जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने में अनावश्यक परेशानी न हो।




















