पारिवारिक और भूमि विवाद सहित विभिन्न मामलों में मिले प्रार्थना पत्र, अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
श्रावस्ती। महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट में ‘मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने अपने कार्यालय कक्ष में विभिन्न क्षेत्रों से आई महिला फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि आयुक्त देवीपाटन मंडल दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर मंडल के सभी जनपदों में प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को ‘मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसके माध्यम से महिलाओं की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका समाधान कराया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पारिवारिक विवाद, भूमि संबंधी समस्याओं और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने एक-एक कर सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इसके अलावा आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी को कुल 16 शिकायतें प्राप्त हुईं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल कागजी खानापूर्ति न की जाए, बल्कि संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करें और समस्या का समाधान कराएं। इससे शिकायतकर्ताओं को एक ही समस्या के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।





















