दो अलग-अलग स्थानों पर पुलिस की कार्रवाई, 170 टेट्रा पैक बरामद; गिरफ्तार आरोपित बिहार के रोहतास जिले के निवासी
चंदौली। मुगलसराय पुलिस ने मंगलवार की रात अवैध देशी शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाकर तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें एक पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 34 लीटर अवैध देशी शराब के 170 टेट्रा पैक बरामद किए। गिरफ्तार तीनों आरोपित बिहार के रोहतास जिले के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई सुभाष पार्क के पास की गई। मुखबिर से सूचना मिली कि कैलाशपुरी की ओर से रेलवे स्टेशन की तरफ एक पुरुष और महिला अवैध शराब लेकर जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों को रोकने का प्रयास किया तो वे भागने लगे। घेराबंदी कर फायर सर्विस कार्यालय के सामने दोनों को पकड़ लिया गया। उनकी पहचान बिहार के रोहतास जिले के बलथुआ निवासी मोहन पासवान और उसकी पत्नी मीरा देवी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान मोहन के पास से ब्लू लाइम देशी शराब के 70 टेट्रा पैक (14 लीटर) और मीरा देवी के पास से विंडिज देशी शराब के 25 टेट्रा पैक (पांच लीटर) बरामद हुए।
वहीं, दूसरी कार्रवाई परमार कटरा के पास रात्रि गश्त के दौरान की गई। यहां पुलिस ने सिर पर कपड़े में गठरी बांधकर जा रही एक महिला को रोककर तलाशी ली। गठरी से ब्लू लाइम देशी शराब के 75 टेट्रा पैक (15 लीटर) बरामद हुए। गिरफ्तार महिला की पहचान बिहार के रोहतास जिले के डालमियानगर निवासी सुनीता देवी के रूप में हुई।
पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





















