लापरवाह शिक्षकों पर होगी कार्रवाई
कायाकल्प के अधूरे कार्य जल्द पूरे कराने और छात्राओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश, नियमित मॉनिटरिंग के साथ होगी रैंडम जांच
चंदौली। सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। मंगलवार को विकास भवन सभागार में प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की मासिक समीक्षा बैठक हुई। इसमें बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं, परिषदीय विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता और ऑपरेशन कायाकल्प की प्रगति की समीक्षा की गई। सीडीओ ने शिक्षण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीडीओ ने कहा कि प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा का स्तर सुधारना शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग के साथ रैंडम जांच भी कराई जाए। अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने वाले और शिक्षण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों की जवाबदेही तय करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने तथा ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के छात्रावासों में छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। सीडीओ ने पर्याप्त सुरक्षा गार्ड तैनात करने, प्रभावी निगरानी व्यवस्था विकसित करने और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, विद्यालयों में निर्माण कार्यों की टेंडर प्रक्रिया समय से पूरी कराने तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
सीडीओ ने डीबीटी के माध्यम से छात्रवृत्ति और ड्रेस की धनराशि विद्यार्थियों के खातों में हस्तांतरित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि बच्चों के भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने विभागीय योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी, अपर पंचायत राज अधिकारी तथा जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति के नामित सदस्य उपस्थित रहे।





















