मिट्टी के बर्तन, हस्तशिल्प, खादी और स्वदेशी उत्पादों के लगे आकर्षक स्टॉल, प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क
श्रावस्ती। भिनगा के रामलीला मैदान स्थित ठाकुरद्वारा में बुधवार को तीन दिवसीय सरस मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद ने फीता काटकर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। मेले में स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों के उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न स्टॉल लगाए गए हैं।
मेले में मिट्टी के बर्तन, हस्तशिल्प, खादी वस्त्र, ड्राई फ्रूट्स, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) और विभिन्न स्वदेशी उत्पादों के आकर्षक स्टॉल लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यहां लोगों को स्थानीय उत्पादों की खरीदारी के साथ कारीगरों की कला और हुनर को करीब से जानने का अवसर भी मिल रहा है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि सरस मेले का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देना और कारीगरों एवं छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि मेले में पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करें और स्थानीय कारीगरों एवं छोटे उद्यमियों का उत्साहवर्धन करें। तीन दिवसीय यह मेला 4 से 6 नवंबर तक चलेगा। मेले में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।





















