राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल में यातायात पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, नाबालिगों को वाहन न चलाने की दी सीख
चंदौली। यातायात नवम्बर माह के तहत सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को राइजिंग सन वर्ल्ड स्कूल, लेवा रोड बबुरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा और प्रभारी निरीक्षक यातायात-1 सत्यप्रकाश यादव ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बच्चों को बताया कि सड़क पार करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए और हमेशा निर्धारित सुरक्षित स्थान से ही सड़क पार करनी चाहिए। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करना चाहिए। इसके साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की भी सीख दी गई। अधिकारियों ने अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने की अपील की।
यातायात पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है। छात्र-छात्राएं स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ अपने माता-पिता और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन महज कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा का आधार है। थोड़ी सी सावधानी और जिम्मेदारी सड़क दुर्घटनाओं को रोकने तथा अनमोल जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।





















