चंदौली: बाइक सवार फरार
अमृत उजाला न्यूज़ | सकलडीहा (चंदौली)
चंदौली जिले के सकलडीहा कस्बे में शनिवार दोपहर दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सघन तिराहा के पास बाइक सवार दो युवकों ने मंदिर का पता पूछने के बहाने एक महिला के गले से करीब 20 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, इंटवा गांव निवासी दिलीप गुप्ता की सघन तिराहा स्थित हाईवे किनारे चावल-गेहूं की आढ़त है। शनिवार दोपहर उनकी पत्नी किरन देवी (55) दुकान पर बैठी थीं। इसी दौरान हेलमेट लगाए बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और पास के मंदिर का रास्ता पूछने लगे।
किरन देवी जैसे ही उन्हें मंदिर का रास्ता बताने लगीं, तभी एक युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से करीब 20 ग्राम सोने की चेन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार बाइक से मौके से फरार हो गए।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे हाथ नहीं आए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता से पूछताछ की और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी जुटाई। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







