सूचना के दो घंटे बाद पहुंची पुलिस का आरोप
अमृत उजाला न्यूज़ | चहनिया (चंदौली)
चंदौली जिले के चहनिया चौराहे पर दिनदहाड़े उचक्कों ने एक महिला को बातों में उलझाकर उसके गले का सोने का मंगलसूत्र, कान के टॉप्स और ₹3,000 नकद ठग लिए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सूचना देने के करीब दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिससे आरोपियों को फरार होने का पर्याप्त समय मिल गया।
जानकारी के अनुसार, बाकड़पुर (नईबाजार) निवासी राधिका देवी, पत्नी शिवबचन यादव, अपनी भांजी को देखने के लिए टेंपो से चहनिया स्थित अस्पताल जा रही थीं। बताया गया कि सकलडीहा से एक संदिग्ध युवक भी उसी टेंपो में सवार हुआ और चहनिया तक उनके साथ आया।
चहनिया चौराहे पर उतरते ही पहले से मौजूद उसके दो अन्य साथी भी वहां पहुंच गए। तीनों युवकों ने महिला को बातचीत में उलझाकर विश्वास में लिया और बहला-फुसलाकर उनके गले से सोने का मंगलसूत्र, कान के टॉप्स तथा पर्स में रखे ₹3,000 नकद अपने कब्जे में लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता और परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। परिजनों का आरोप है कि व्यस्त चौराहे पर घटना के समय कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था और सूचना देने के लगभग दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिससे बदमाश आसानी से फरार हो गए।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़िता की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







