कमल मिश्रा
दरियाबाद बाराबंकी दरियाबाद के प्राथमिक विद्यालय बीकापुर में सोमवार को मध्याह्न भोजन (एमडीएम) व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर गई। विद्यालय परिसर स्थित रसोईघर पर दिनभर ताला लटका रहा, जिसके कारण निर्धारित समय तक बच्चों के लिए भोजन तैयार नहीं हो सका। दोपहर तक भोजन नहीं मिलने से विद्यालय पहुंचे विद्यार्थियों को निराश होना पड़ा। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया और अधिकारियों ने अगले दिन से व्यवस्था सुचारु कराने के निर्देश दिए।
विद्यालय में कुल 104 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। सोमवार को इनमें से 45 बच्चे उपस्थित रहे, लेकिन मध्याह्न अवकाश तक भी रसोई में चूल्हा नहीं जला और न ही भोजन तैयार किया जा सका। इससे शासन की महत्वाकांक्षी मध्याह्न भोजन योजना की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए।
जानकारी के अनुसार ग्राम प्रधान को मध्याह्न भोजन संचालन की जिम्मेदारी से हटाए जाने के बाद विद्यालय में नई व्यवस्था समय पर नहीं बन सकी। इसी प्रशासनिक असमंजस का खामियाजा बच्चों को भुगतना पड़ा और पूरे दिन भोजन व्यवस्था प्रभावित रही।
विद्यालय के सहायक अध्यापक सत्येंद्र गुप्ता ने बताया कि सोमवार को प्रधानाध्यापक विमल यादव तथा एक अन्य सहायक अध्यापक अवकाश पर थे। ऐसे में मध्याह्न भोजन की व्यवस्था नहीं हो सकी। वहीं प्रधानाध्यापक विमल यादव ने बताया कि ग्राम प्रधान के हटने के बाद एमडीएम संचालन की जिम्मेदारी एक सहायक अध्यापक को सौंपी गई थी, लेकिन उनके भी अवकाश पर होने के कारण भोजन नहीं बन पाया।
खंड शिक्षा अधिकारी मनीराम वर्मा ने बताया कि प्रकरण उनके संज्ञान में आने के बाद तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि मंगलवार से विद्यालय में मध्याह्न भोजन नियमित रूप से तैयार कराया जाएगा और ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए आवश्यक निर्देश संबंधित विद्यालय को जारी कर दिए गए हैं।








