42 दुकानों का निरीक्षण, पांच प्रतिष्ठान बंद मिलने पर कारण बताओ नोटिस; रबी सीजन के लिए उर्वरक का पर्याप्त स्टॉक
चंदौली। रबी फसलों की बुवाई के मद्देनजर किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने मंगलवार को जिले में बीज बिक्री केंद्रों पर औचक छापेमारी की। अभियान के दौरान 42 दुकानों का निरीक्षण किया गया और गेहूं, चना, मटर तथा सरसों के कुल 20 बीज नमूने लिए गए। वहीं, पांच बीज एवं उर्वरक प्रतिष्ठान बंद मिलने पर उनके संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
कृषि विभाग और अन्य विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारियों की टीम ने सकलडीहा, चंदौली सदर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, चकिया और नौगढ़ क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान बीजों की गुणवत्ता और बिक्री से संबंधित अभिलेखों की जांच की गई। लिए गए नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच में बीज अधोमानक पाए जाने पर बीज नियंत्रण आदेश, 1983 और बीज अधिनियम, 1966 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जांच अभियान के दौरान मेसर्स ईश्वर बीज भंडार, जनौली; उमरावती एग्री जंक्शन खाद-बीज भंडार, कमालपुर; पंडित खाद एवं बीज भंडार, कमालपुर; खुशबू बीज भंडार, धानापुर और आदर्श कृषि विकास, धानापुर बंद मिले। इन प्रतिष्ठानों के संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की कि रबी फसलों की बुवाई के लिए प्रमाणित बीज ही खरीदें और खरीदारी के समय कैश मेमो अवश्य प्राप्त करें। बीज विक्रेताओं को स्टॉक एवं बिक्री रजिस्टर अद्यतन रखने और प्रत्येक किसान को बीज के साथ कैश मेमो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
रबी सीजन के लिए उर्वरक का पर्याप्त स्टॉक
कृषि विभाग के अनुसार, जिले में रबी फसलों की बुवाई के लिए उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। निजी और सहकारी बिक्री केंद्रों पर 17,031 मीट्रिक टन यूरिया, 8,461 मीट्रिक टन डीएपी और 3,337 मीट्रिक टन एनपीके का स्टॉक उपलब्ध है।
विभाग ने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री और प्रमाणित खतौनी के साथ उर्वरक खरीदने तथा फसल की आवश्यकता के अनुरूप अनुशंसित मात्रा का ही इस्तेमाल करने की अपील की है। कृषि विभाग का कहना है कि छापेमारी अभियान का उद्देश्य बीजों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना, किसानों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कृषि सामग्री उपलब्ध कराना और बिक्री में अनियमितताओं पर अंकुश लगाना है।





















