थाना प्रभारी की गैरमौजूदगी में जनसुनवाई से अनुपस्थित रहने और शांति व्यवस्था ड्यूटी में लापरवाही का आरोप, विभागीय जांच के आदेश
चंदौली। पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सख्त कार्रवाई की है। इसी क्रम में धानापुर थाने पर तैनात अतिरिक्त निरीक्षक ना0पु0 सलील स्वरूप आदर्श को कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, अतिरिक्त निरीक्षक पर सरकारी कार्यों में रुचि नहीं लेने, थाना प्रभारी की अनुपस्थिति में जनसुनवाई के लिए उपस्थित नहीं रहने, शांति व्यवस्था ड्यूटी में लापरवाही बरतने और सायंकालीन गश्त में हिस्सा नहीं लेने के आरोप हैं। इसके अलावा उन पर अपने पदीय दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं करने का भी आरोप लगाया गया है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सकलडीहा की ओर से चार नवंबर को आख्या प्रस्तुत की गई थी। रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने निलंबन की कार्रवाई की। साथ ही मामले की विभागीय जांच कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, कर्तव्यों के प्रति उदासीनता और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यों में लापरवाही बरतने और अनुशासनहीनता के मामलों में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।





















