विधायक अदिति सिंह की पहल पर बनी तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति
एक सप्ताह में रिपोर्ट सौंपेगी समिति, पीड़ित परिवार और अस्पताल प्रबंधन से मांगे गए सभी चिकित्सा अभिलेख व साक्ष्य
रायबरेली/लखनऊ। रायबरेली सदर विधानसभा क्षेत्र के आस्तिक नगर (बरई का पुरवा) निवासी स्वर्गीय लालजी सोनकर की लखनऊ स्थित सत्यार्थ हॉस्पिटल में उपचार के दौरान हुई मृत्यु के मामले में प्रशासन ने जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। सदर विधायक अदिति सिंह द्वारा मामले को गंभीरता से उठाए जाने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), लखनऊ ने तीन सदस्यीय विशेषज्ञ चिकित्सकों की उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया है।
सीएमओ कार्यालय की ओर से गठित समिति को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान पीड़ित परिवार और अस्पताल प्रबंधन दोनों को आवश्यक चिकित्सा अभिलेख, दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों के साथ समिति के समक्ष उपस्थित होने को कहा गया है।
सदर विधायक अदिति सिंह ने कहा कि जनता के जीवन और स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और यदि जांच में किसी की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने मामले में त्वरित संज्ञान लेने और जांच समिति गठित करने के लिए जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा लखनऊ प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि निष्पक्ष जांच के आधार पर जल्द कार्रवाई होगी।







