विनोद कुमार सिंह अंशु
बाराबंकी। लखनऊ अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ेला गांव के पास स्थित कालिका एक्सप्रेस होटल में रविवार देर रात भोजन करने पहुंचे दो युवकों ने खाने में कीड़ा और मीठी सौंफ में मरी हुई मक्खी मिलने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
सुमेरगंज निवासी शुभम साहू और प्रशांत जायसवाल ने बताया की वे रविवार रात करीब 11 बजे कालिका एक्सप्रेस होटल में भोजन करने पहुंचे थे। उन्होंने शाही पनीर और रोटी का ऑर्डर दिया। जहां पर भोजन के दौरान शाही पनीर में कीड़ा दिखाई दिया। इसके बाद भोजन समाप्त होने पर परोसी गई मीठी सौंफ में भी मरी हुई मक्खी मिली। इससे नाराज दोनों युवकों ने होटल प्रबंधन से शिकायत की। कुछ देर तक होटल में हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। होटल के मैनेजर आज़ाद ने बताया कि घटना के समय वह अवकाश पर थे, इसलिए उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी नहीं है। जिसके बाद कर्मचारियों को फटकार लगाई गई है। साथ ही सभी खाद्य सामग्री को ढककर रखने और स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। उपजिलाधिकारी बृजेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





















