सुल्तानपुर के अखण्डनगर क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसे में अज्ञात युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा जौनपुर-अयोध्या रेलवे लाइन पर बेलवाई रेलवे स्टेशन के पास रेलवे क्रॉसिंग के निकट हुआ। बताया जा रहा है कि युवक फाटक के पास से रेलवे लाइन पार कर रहा था, तभी वह ट्रेन की चपेट में आ गया।
ट्रेन की टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर शाहगंज, जौनपुर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर युवक की पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ मृतक की पहचान के लिए जरूरी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे को लेकर जीआरपी पुलिस आगे की जांच कर रही है और मृतक की पहचान होने के बाद उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।



















