अखंडनगर, सुल्तानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शासन के निर्देश पर ग्राम पंचायत भवनों और ब्लॉक मुख्यालयों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाने थे। गुरुवार शाम करीब सात बजे अखंडनगर क्षेत्र पंचायत कार्यालय, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति शिलापट और ब्लॉक प्रमुख भवन अंधेरे में नजर आए। हालांकि कार्यालय के बरामदे में कुछ दीपक जलते दिखाई दिए। इसके बाद ब्लॉक परिसर में दीप प्रज्ज्वलन नहीं होने की खबर सामने आई।
इस मामले में खंड विकास अधिकारी शिवप्रकाश सिंह ने सफाई देते हुए खबर का खंडन किया। उन्होंने बताया कि शाम करीब साढ़े छह बजे उन्होंने सहयोगियों के साथ ब्लॉक कार्यालय परिसर के भवनों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति शिलापट समेत अन्य स्थानों पर दीप जलाए थे। इसके बाद पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत करीब पौने सात बजे राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज बड़ौरा ख्वाजापुर में आयोजित दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चले गए।
बीडीओ के मुताबिक, उनके वहां से जाने के बाद ब्लॉक परिसर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। इसी वजह से करीब सात बजे परिसर अंधेरे में दिखाई दिया। उन्होंने बताया कि जलाए गए दीपकों की देखरेख के लिए एक कर्मचारी की ड्यूटी भी लगाई गई थी। यानी अधिकारियों के अनुसार दीप प्रज्ज्वलन निर्धारित समय पर किया गया था, लेकिन बाद में बिजली जाने से मौके की तस्वीर अलग नजर आई।
उधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखंडनगर में अधीक्षक डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह समेत चिकित्सकों और कर्मचारियों ने भी दीप प्रज्ज्वलित किए। वहीं, सूत्रों के अनुसार ग्राम पंचायतों में दीप जलाने के लिए करीब 25 से 30 मिट्टी के दीपक भेजे गए थे। कुछ ग्राम प्रधानों ने तेल और बत्ती की व्यवस्था नहीं होने की बात कही, जबकि क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। ऐसे में अखंडनगर में दीप प्रज्ज्वलन को लेकर सामने आई तस्वीर और बीडीओ की सफाई के बाद स्थिति को लेकर अलग-अलग बातें सामने आई हैं।





















