15 लोगों की मौत वाले मामले में अदालत ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी को गंभीर माना, जांच और कानूनी कार्रवाई जारी।
लखनऊ। लखनऊ के चर्चित अलीगंज अग्निकांड मामले में आरोपी सुरेंद्र प्रसाद शुक्ला को बड़ा झटका लगा है। जिला जज मलखान सिंह की अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है।
मामला उस भीषण अग्निकांड से जुड़ा है, जिसमें 15 लोगों की जलकर मौत हो गई थी। आरोप है कि भवन का संचालन आवश्यक सुरक्षा मानकों और कानूनी मंजूरियों की अनदेखी करते हुए किया जा रहा था।
सुनवाई के दौरान अदालत ने माना कि रिकॉर्ड पर उपलब्ध साक्ष्य प्रथम दृष्टया आरोपी की भूमिका की ओर संकेत करते हैं। न्यायालय ने यह भी कहा कि भवन संचालन में सुरक्षा नियमों और वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया, जो अत्यंत गंभीर विषय है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने आरोपी को अग्रिम जमानत का लाभ देने से इनकार कर दिया। फिलहाल इस प्रकरण में जांच और अन्य कानूनी कार्रवाई जारी है।







