औरैया के दिबियापुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय किशोर की जान चली गई। कंचैसी गांव निवासी राज दुर्गा महोत्सव की कलश यात्रा में शामिल होने के बाद पैदल अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बिहारीपुर गांव के पास पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में राज गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए सैफई ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
राज, अहिवरन सिंह उर्फ लालू का बेटा था। रविवार शाम दुर्गा महोत्सव की कलश यात्रा में शामिल होने के बाद वह कंचैसी बाजार स्थित अपने घर की ओर पैदल जा रहा था। तभी बिहारीपुर गांव के पास यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि किशोर को तत्काल उपचार की जरूरत पड़ी। सूचना मिलने पर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायल को मेडिकल कॉलेज चिचैली पहुंचाया गया।
मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने राज की हालत गंभीर देखते हुए उसे सैफई रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर सैफई जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। राज दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां रेखा का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।
चौकी प्रभारी सौरभ सिंह के मुताबिक, हादसे में शामिल बाइक बरामद कर ली गई है। बाइक पर तीन लोग सवार थे और चालक की तलाश की जा रही है। वहीं, थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में तहरीर मिल चुकी है और प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।





















