औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 27 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब स्कूटी सवार परिवार बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहा था। दो ट्रैक्टरों के बीच ओवरटेक के प्रयास के दौरान महिला ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई। हादसे में पति और पांच वर्षीय जुड़वां बेटे सुरक्षित बच गए, जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
श्याम नगर अटसू निवासी मोहिनी पोरवाल (27) पत्नी विशाल पोरवाल मंगलवार सुबह करीब आठ बजे अपने पति विशाल पोरवाल तथा पांच वर्षीय जुड़वां पुत्र लव और कुश के साथ स्कूटी से कान्हा इंटरनेशनल अकादमी, अजीतमल बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिंह वाहिनी महाविद्यालय के पास पुलिया पर सामने से एक ट्रैक्टर आ रहा था, जबकि पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली चली आ रही थी। इसी दौरान स्कूटी चालक विशाल ने दोनों ट्रैक्टरों के बीच से निकलने का प्रयास किया। तभी पीछे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पिछले हिस्से से मोहिनी के सिर में जोरदार टक्कर लग गई। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
राहगीरों की सूचना पर उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में पति विशाल और दोनों मासूम बच्चों को कोई चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलते ही अजीतमल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
मोहिनी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पति और दोनों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में महिला की मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश की जा रही है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।








