औरैया। अयाना कस्बा स्थित प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को उपस्थिति दर्ज करने को लेकर शिक्षामित्र और सहायक अध्यापक के बीच विवाद हो गया। सहायक अध्यापक ने शिक्षामित्र पर मारपीट का आरोप लगाते हुए डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने विद्यालय पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमृत प्रकाश पांडेय स्वास्थ्य संबंधी कारणों से अवकाश पर थे। उन्होंने विद्यालय का चार्ज सहायक अध्यापक अजय कुमार को सौंपा था। बताया गया कि अजय कुमार के भी अवकाश पर जाने के कारण विद्यालय की चाबियां शिक्षामित्र नूरीना मुबारक को दे दी गई थीं।
आरोप है कि शिक्षामित्र के समय पर विद्यालय नहीं पहुंचने के कारण स्कूल समय पर नहीं खुल सका। सुबह करीब 7:50 बजे उनके पहुंचने के बाद विद्यालय का ताला खोला गया। इस दौरान सहायक अध्यापक शिखा मिश्रा, दीपिका कटियार, शिक्षामित्र रेखा सेंगर और छात्र-छात्राएं विद्यालय के बाहर इंतजार करते रहे।
विद्यालय खुलने के बाद उपस्थिति दर्ज करने को लेकर शिक्षामित्र और सहायक अध्यापक के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई। सहायक अध्यापक शिखा मिश्रा ने आरोप लगाया कि शिक्षामित्र ने उनके साथ मारपीट की।
सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और विद्यालय के स्टाफ तथा बच्चों से घटना के संबंध में पूछताछ की। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान भी दर्ज किए।
अयाना थाना प्रभारी जयप्रकाश पाल ने बताया कि सहायक अध्यापक की ओर से मारपीट की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।








