तीसरे सावन सोमवार को होगा जलाभिषेक
औरैया। कुदरकोट कस्बे के प्राचीन बाबा भयानकनाथ मंदिर से शनिवार शाम शिवभक्तों का एक जत्था उत्तराखंड स्थित गोमुख धाम के लिए करीब 700 किलोमीटर की पैदल कांवड़ यात्रा पर रवाना हुआ। श्रद्धालु गोमुख से पवित्र गंगाजल लेकर लौटेंगे और सावन के तीसरे सोमवार को बाबा भयानकनाथ मंदिर में भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक करेंगे।
यात्रा शुरू होने से पहले बाबा भयानकनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने कांवड़ियों का स्वागत किया और उनकी मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए उन्हें विदाई दी।
शिवभक्त शिव तिवारी ने बताया कि पूरी यात्रा पैदल पूरी की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से सभी श्रद्धालु सकुशल गोमुख पहुंचकर पवित्र गंगाजल लेकर वापस लौटेंगे। इस धार्मिक यात्रा में राघव, ऋषभ, प्रदीप, हिमांशु और बंटी चौरसिया भी शामिल हैं।
‘हर-हर महादेव‘ और ‘बम-बम भोले‘ के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं का जत्था भक्ति और उत्साह के साथ गोमुख धाम के लिए रवाना हुआ।





















