एटा। नयागांव थाना क्षेत्र के ग्राम करनपुर में शनिवार को एक नाली में करीब डेढ़ फुट लंबा मगरमच्छ का शावक मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। शावक के नाली में होने की सूचना फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। इस दौरान वन विभाग के रेस्क्यू अभियान का वीडियो भी सामने आया है, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
ग्रामीण विमल राठौर ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम में धर्मेंद्र कुमार प्रजापति, सचिन और उजीर सिंह शामिल रहे। वन कर्मियों ने पूरी सावधानी और सतर्कता के साथ मगरमच्छ के शावक का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू के बाद वन विभाग ने शावक को उसके प्राकृतिक आवास काली नदी में सुरक्षित छोड़ दिया। समय रहते कार्रवाई होने से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदियों, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में मगरमच्छ समेत अन्य वन्यजीव दिखाई दे सकते हैं। ऐसी स्थिति में घबराने या वन्यजीव को पकड़ने का प्रयास न करें। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि सुरक्षित रेस्क्यू कर वन्यजीव को उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।







