अयोध्या।अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किए जाने के बाद महंत संजयदास का अयोध्या में संत-समाज ने भव्य स्वागत किया। आयोजित कार्यक्रम में संतों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे परिषद की गरिमा, सनातन परंपराओं और संत समाज की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाएंगे।
महंत संजयदास ने कहा कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद देश के 13 मान्यता प्राप्त अखाड़ों का सर्वोच्च समन्वयकारी संगठन है, जो संत समाज के हितों और धार्मिक परंपराओं की रक्षा के लिए कार्य करता है। उन्होंने बताया कि हाल ही में हरिद्वार में आयोजित परिषद की बैठक में उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता का दायित्व सौंपा गया है। इसके लिए उन्होंने परिषद अध्यक्ष महंत ज्ञानदास महाराज सहित सभी संतों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि परिषद की परंपरा और विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए संत समाज के मुद्दों को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी।
इस अवसर पर महंत मुरलीदास, जगद्गुरु राम दिनेशाचार्य, डॉ. महेशदास, बड़ा भक्तमाली के महंत अवधेशदास, सिंधी ऋषि आश्रम के महंत हेमंतदास सहित अनेक संत-महंत उपस्थित रहे। सभी ने महंत संजयदास को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए परिषद को और अधिक सशक्त बनाने की कामना की।








