रामनगरी अयोध्या में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए नमस्कार भारत स्पिरिचुअलिटी फाउंडेशन ने 24 घंटे निःशुल्क अन्न सेवा की शुरुआत की है। संस्था की ओर से बताया गया कि यहां श्रद्धालुओं को भोजन नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम का प्रसाद उपलब्ध कराया जाएगा। अयोध्या में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह पहल खास मायने रखती है, क्योंकि उन्हें दिन-रात किसी भी समय प्रसाद मिल सकेगा।
अन्न सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में अयोध्या वल्लभा कुंज के अधिकारी राजकुमार दास जी महाराज, रंगमहल पीठाधीश्वर रामशरण महाराज समेत कई साधु-संत और गणमान्य लोग मौजूद रहे। संतों ने संस्था की इस पहल को आशीर्वाद देते हुए इसे रामनगरी में श्रद्धालुओं की सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। संस्था के अध्यक्ष अमित कुमार सिन्हा ने कहा कि यह सेवा प्रभु श्रीराम की प्रेरणा और अयोध्या के संतों के आशीर्वाद से शुरू की गई है।
अमित कुमार सिन्हा ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल अन्न सेवा तक सीमित नहीं है। जरूरतमंद लोगों के लिए रोटी, कपड़ा, मकान, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में भी सेवा कार्य करने की योजना है। इसके अलावा वैदिक शिक्षा को आम लोगों और खासकर बच्चों व युवाओं तक पहुंचाने के लिए जल्द ‘नमस्कार भारत OTT’ चैनल शुरू करने की तैयारी है। इस माध्यम से वेदों और भारतीय गुरुकुल परंपरा से जुड़ी शिक्षा को आधुनिक तरीके से लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
संस्था का मानना है कि डिजिटल दौर में बच्चों और युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना जरूरी है। इसी सोच के साथ अयोध्या से शुरू हुई 24 घंटे की अन्न सेवा को भविष्य में देश के दूसरे प्रमुख तीर्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है। कार्यक्रम में मौजूद संतों ने भी इस पहल को सराहनीय बताते हुए उम्मीद जताई कि रामनगरी आने वाले श्रद्धालुओं को इस सेवा का लगातार लाभ मिलेगा।





















