श्रावस्ती में साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में शुक्रवार को थाना कोतवाली भिनगा की साइबर टीम ने चौकी सेमरी क्षेत्र में इंडियन बैंक के पास लोगों को साइबर ठगी के बढ़ते मामलों और उससे बचने के तरीकों की जानकारी दी। इस दौरान आम लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।
पुलिस टीम ने बताया कि साइबर ठग सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप और टेलीग्राम के जरिए शेयर बाजार, ऑनलाइन ट्रेडिंग और क्रिप्टोकरेंसी में कम समय में अधिक मुनाफे का लालच देते हैं। कई मामलों में ठग शुरुआत में छोटा लाभ दिखाकर लोगों का भरोसा जीतते हैं और इसके बाद बड़ी रकम निवेश करवाने लगते हैं। पैसा निकालने के नाम पर टैक्स, फीस या अन्य शुल्क मांगकर भी लोगों से रकम ऐंठी जाती है।
अभियान के दौरान लोगों को सलाह दी गई कि किसी अनजान कॉल पर बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, पैन कार्ड, आधार कार्ड या बायोमेट्रिक जैसी संवेदनशील जानकारी साझा न करें। सोशल मीडिया पर निजी जानकारी डालने से बचें और किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। ऑनलाइन खरीदारी के दौरान सुरक्षित और भरोसेमंद वेबसाइट का इस्तेमाल करने के साथ मजबूत पासवर्ड रखने की भी सलाह दी गई।
पुलिस ने लोगों को बताया कि साइबर अपराध होने पर घबराने के बजाय तुरंत इसकी शिकायत करनी चाहिए। साइबर ठगी की सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क किया जा सकता है और National Cyber Crime Reporting Portal पर भी शिकायत दर्ज की जा सकती है। पुलिस टीम ने लोगों से अपील की कि साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी अपने परिवार, दोस्तों और रिश्तेदारों तक भी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग ऑनलाइन ठगी से सुरक्षित रह सकें।





















