अयोध्या में गणेश उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं और शहर की व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त राजेश कुमार से मुलाकात की। समिति के पदाधिकारियों ने उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित परेशानियों और शहर में जरूरी व्यवस्थाओं की स्थिति से उन्हें अवगत कराया।
समिति के जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल, संयोजक गगन जायसवाल और विशाल गुप्ता वासू ने बताया कि चौक से नाका बाईपास तक मुख्य मार्ग कई जगहों पर क्षतिग्रस्त है। इसके अलावा विभिन्न विभागों से संबंधित कई कार्य अब भी अधूरे हैं। गणेश उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आवागमन को देखते हुए समिति ने इन समस्याओं का समय रहते समाधान कराने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। समिति के प्रवक्ता केशव बिगुलर के मुताबिक, मंडलायुक्त के निर्देश के बाद अधिकारियों ने चौक से नाका बाईपास तक मार्ग का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क की स्थिति और अधूरे कार्यों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के समय एडीएम वित्त एवं राजस्व अमित कुमार भट्ट, नगर मजिस्ट्रेट संजीव कुमार उपाध्याय, प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता और जल निगम के अधिशासी अभियंता मौजूद रहे। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्धारित समय सीमा में जरूरी कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही समिति के पदाधिकारियों को समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया। इस मौके पर अखिलेश पाठक, रोहिताश चंद्र राजू, वासु गुप्ता, सुशील शुक्ल, पूर्व पार्षद मुरारी सिंह यादव, अंश गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे।





















